रांची : केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई के विरोध में सोमवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से राजधानी रांची के लोक भवन के समक्ष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए।

प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, खिजरी विधायक राजेश कच्छप समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।

प्रधानमंत्री के बयान पर कांग्रेस का सवाल

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने लोगों से अनावश्यक विदेश यात्रा न करने और पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करने की अपील की थी।

प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि केंद्र सरकार अपने कार्यों में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार जनता से बचत की अपील कर रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार के मंत्री संसाधनों का दुरुपयोग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई को नियंत्रित करने में भी नाकाम रही है, जिससे आम जनता को दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाई हो रही है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी।

देश की स्थिति पर उठाए सवाल

वहीं खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि देश की आजादी महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस और जवाहरलाल नेहरू जैसे नेताओं के नेतृत्व में मिले संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश आर्थिक रूप से फिर से गुलामी की ओर बढ़ रहा है और केंद्र सरकार देश की संपत्तियों को पूंजीपतियों के हाथों में सौंप रही है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय हितों से समझौते का भी आरोप लगाया।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version