रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्य में निवेश को लेकर लगाए गए आरोपों पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिस भाजपा ने अपने शासनकाल में ‘मोमेंटम झारखंड’ के नाम पर लाखों करोड़ रुपये के निवेश के दावे किए थे, उसे पहले यह बताना चाहिए कि उन घोषणाओं में से कितना निवेश धरातल पर उतर सका।
भाजपा झूठ और भ्रम की राजनीति कर रही है
राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा अब पूरी तरह झूठ, भ्रम और नकारात्मक राजनीति पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में निवेश, उद्योग और रोजगार को लेकर सकारात्मक माहौल बना है, जिससे भाजपा असहज है। इसी कारण वह हर विकास परियोजना और निवेश प्रस्ताव पर सवाल खड़े कर रही है।
उन्होंने कहा कि किसी भी निवेश परियोजना की प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होती है। इसमें एमओयू, निवेश प्रस्ताव, परियोजना स्वीकृति, भूमि आवंटन, वैधानिक अनुमति और उत्पादन शुरू होने जैसे अलग-अलग चरण शामिल होते हैं। परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी देना कोई “री-पैकेजिंग” नहीं, बल्कि सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उनका आरोप है कि भाजपा जानबूझकर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
न्यूक्लियर पावर परियोजना पर भाजपा को घेरा
कांग्रेस नेता ने न्यूक्लियर पावर परियोजना को लेकर भाजपा के सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार की मंजूरी आवश्यक है, तो भाजपा स्पष्ट करे कि क्या केंद्र सरकार झारखंड के विकास में सहयोग करेगी या राजनीतिक कारणों से राज्य की परियोजनाओं को रोकने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा को यह तय करना चाहिए कि वह झारखंड के विकास की भागीदार बनना चाहती है या विकास कार्यों में बाधा डालने की राजनीति जारी रखेगी।
भाजपा को विकास नहीं, अपना राजनीतिक भविष्य दिख रहा
राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा को झारखंड के विकास से अधिक अपने राजनीतिक भविष्य की चिंता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में न नए उद्योग स्थापित हुए, न युवाओं को पर्याप्त रोजगार मिला और न ही पलायन रुका। इसके विपरीत कई उद्योग बंद हुए और बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार झारखंड में उद्योगों को आकर्षित कर राज्य को नई आर्थिक दिशा देने का प्रयास कर रही है, लेकिन भाजपा हर सकारात्मक पहल को भी राजनीतिक मुद्दा बनाने में लगी है।
केंद्र से सहयोग की मांग
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में झारखंड के विकास की पक्षधर है, तो उसे केंद्र सरकार से राज्य की औद्योगिक परियोजनाओं और निवेश प्रस्तावों को शीघ्र मंजूरी दिलाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाने से न उद्योग स्थापित होंगे और न ही युवाओं को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अब बड़े-बड़े दावों और विज्ञापनों के बजाय जमीन पर दिखाई देने वाले विकास को महत्व देती है। कांग्रेस और हेमंत सोरेन सरकार राज्य में निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
