धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में कोयला तस्करों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। केंदुआडीह थाना क्षेत्र में स्पेशल ब्रांच के सब-इंस्पेक्टर और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप

घटना केंदुआ-झरिया मुख्य मार्ग स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम के पास की है। जानकारी के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर अनुज कुमार अपनी पत्नी काजल कुमारी के साथ स्कूटी से जा रहे थे।

इसी दौरान सड़क किनारे कोयला उतार रहे लोगों से उनकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

दंपति के साथ बेरहमी से मारपीट

आरोप है कि कोयला तस्करों ने अनुज कुमार पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी को भी हमलावरों ने नहीं छोड़ा और उनके साथ भी मारपीट की।

घटना के समय अनुज कुमार सिविल ड्रेस में थे। हमले में उन्हें पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी के पैर और शरीर पर भी चोट के निशान पाए गए हैं।

मोबाइल छीनने का भी आरोप

पीड़िता काजल कुमारी के अनुसार, उन्होंने केवल रास्ता देने को कहा था, जिस पर तस्कर भड़क गए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना का वीडियो बनाने पर हमलावरों ने उनका मोबाइल छीनकर फेंक दिया।

पुलिस पहुंची, आरोपी फरार

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी संतोष कुमार मिश्रा समेत कई अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

शिकायत का इंतजार, जांच जारी

पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। केवल इंज्यूरी रिपोर्ट जमा की गई है। लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version