रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच तेज हो गई है। इसी कड़ी में गुरुवार को झारखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एलबी खियांग्ते के कांके रोड स्थित आवास पर सीआईडी की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी सीआईडी टीम के साथ मौजूद रहा।
सीआईडी की टीम आवास पर मौजूद JPSC से जुड़े दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से मामले में फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
परीक्षा अनियमितता मामले में जांच तेज
बुधवार को JPSC परीक्षा में कथित धांधली और अनियमितताओं की शिकायतों के आधार पर सीआईडी ने कांड संख्या 16/2026 दर्ज कर औपचारिक जांच शुरू की थी। इसके बाद से मामले में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अब तक 8 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
सीआईडी की जांच के दौरान अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसी कथित परीक्षा अनियमितताओं, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की गहन पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
JPSC से जुड़े इस मामले पर पूरे राज्य की नजर बनी हुई है। जांच आगे बढ़ने के साथ ही कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

