रांची: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। जिला प्रशासन ने अप्रैल, मई और जून 2026 की तीन माह की सम्मान राशि का एकमुश्त भुगतान लाभुकों के बैंक खातों में कर दिया है।
आधार आधारित प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से जिले की 3 लाख 66 हजार 664 महिला लाभुकों के खातों में प्रत्येक को 7,500 रुपये की दर से कुल 274 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।
अधिकांश प्रखंडों की महिलाओं को मिला योजना का लाभ
जिला प्रशासन के अनुसार, योजना का लाभ जिले के लगभग सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों की पात्र महिलाओं तक पहुंच चुका है। लाभुकों की संख्या के आधार पर कांके प्रखंड सबसे आगे रहा, जहां 31,094 महिलाओं के खातों में सम्मान राशि भेजी गई।
इसके बाद टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,006, मांडर में 22,885, सिल्ली में 21,031, बेड़ो में 20,519, चान्हो में 19,299, रातू में 18,500, तमाड़ में 18,411 तथा ओरमांझी में 17,824 महिलाओं को योजना का लाभ मिला।
इसके अलावा नामकुम, नगड़ी, बुढ़मू, अनगड़ा, सोनाहातू, अरगोड़ा, हेहल, खलारी, लापुंग, राहे सहित जिले के अन्य क्षेत्रों की हजारों महिला लाभुकों के खातों में भी राशि भेज दी गई है।
बड़गाईं और इटकी में भुगतान प्रक्रिया जारी
जिला प्रशासन ने बताया कि बड़गाईं अंचल और इटकी प्रखंड के पात्र लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रियाधीन है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन क्षेत्रों की महिलाओं के बैंक खातों में भी सम्मान राशि जल्द हस्तांतरित कर दी जाएगी।
लंबित भुगतान जल्द पूरा करने के निर्देश
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना से महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और उनकी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में भुगतान लंबित है, वहां सभी पात्र लाभुकों को जल्द से जल्द योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना से वंचित न रहे।
