रांची : रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में सोमवार को आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कुल 338 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। यह कार्यक्रम राज्य सरकार की रोजगार एवं नियुक्ति प्रक्रिया को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

इस अवसर पर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के तहत सहायक आचार्य पद पर चयनित 319 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इनमें 158 अभ्यर्थी इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य तथा 161 अभ्यर्थी स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य पद के लिए चयनित हुए हैं।

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की अनुशंसा पर इन अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया पिछले वर्ष दिसंबर में पूरी हो चुकी थी। जिला स्तर पर काउंसिलिंग प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब इन्हें औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।

महिला पर्यवेक्षक पद पर भी नियुक्ति

महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक सुरक्षा विभाग में महिला पर्यवेक्षक पद पर चयनित 19 अभ्यर्थियों को भी इस समारोह में नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इससे पहले विभाग में चयनित 237 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।

शेष अभ्यर्थियों का प्रमाणपत्र सत्यापन पूरा होने के बाद अब उनकी नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।

हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी

राज्य सरकार के अनुसार, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को लगभग एक हजार अन्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा भी प्राप्त हुई है। इनकी जिला स्तर पर काउंसिलिंग प्रक्रिया चल रही है और संभावना जताई जा रही है कि अगले माह उन्हें भी नियुक्ति पत्र सौंप दिए जाएंगे।

बड़ी संख्या में पहले भी हो चुकी है नियुक्ति

गौरतलब है कि राज्य में सहायक आचार्य पद पर अब तक 10,213 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जा चुकी है, जो विभिन्न विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य कर रहे हैं।

झारखंड प्राथमिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक शिक्षक संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2023 के तहत कुल 26,001 पदों पर नियुक्ति प्रस्तावित थी। हालांकि योग्य अभ्यर्थियों की कमी के कारण कई पद अब भी रिक्त हैं, जिनमें सर्वाधिक रिक्तियां पारा शिक्षक श्रेणी में बताई जा रही हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version