रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की आधारभूत संरचनाओं, रखरखाव, आधुनिक उपकरणों, खिलाड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परिसर की बदहाल स्थिति पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
आधारभूत सुविधाओं के आधुनिकीकरण का निर्देश
मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण करते हुए वर्तमान व्यवस्थाओं पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज के समग्र विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, बेहतर रखरखाव और खिलाड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया है। ऐसे में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए भी बेहतर प्रशिक्षण और अवसर सुनिश्चित किए जाएं, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व कर सकें।
दीर्घकालिक रणनीति से होगा खेलों का विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अवसंरचना के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और उन्हें हरसंभव सहयोग देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खेलों के विकास के लिए दीर्घकालिक और प्रभावी रणनीति के तहत कार्य किया जाए, ताकि राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण का माहौल मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित होने पर खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था और उपकरणों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज में उपलब्ध उपकरणों के रखरखाव और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने शूटिंग राइफल से निशाना भी साधा तथा वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर प्रशिक्षण और सुविधाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर और फायर हाइड्रेंट से जुड़े मॉक ड्रिल नियमित रूप से कराने तथा परिसर में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री, मुख्य सचिव, खेलकूद विभाग के सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

