रांची: झारखंड की बेटी और भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे को प्रतिष्ठित अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। देशभर के 32 खिलाड़ियों को इस सम्मान से नवाजा जाएगा, जिनमें झारखंड के सिमडेगा जिले की सलीमा टेटे भी शामिल हैं। सभी खिलाड़ियों को 17 जनवरी 2025 को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित विशेष समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री और मंत्री ने दी शुभकामनाएं

इस उपलब्धि पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मंत्री चमरा लिंडा ने सलीमा टेटे को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा,

“झारखंड की बेटी, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और ओलंपियन सलीमा टेटे को अर्जुन पुरस्कार के लिए चयनित होने पर हार्दिक बधाई। यह झारखंड के लिए गौरव का क्षण है। हम आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।”

सलीमा टेटे का संघर्ष और सफलता की कहानी

सिमडेगा जिले के बड़की छापर गांव की रहने वाली सलीमा टेटे ने अपने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए यह मुकाम हासिल किया है। उनके टैलेंट को पहली बार 2013 में पहचान मिली, जब उनका चयन झारखंड सरकार के सिमडेगा में संचालित आवासीय हॉकी सेंटर के लिए हुआ।

इसके बाद सलीमा ने राज्य टीम में जगह बनाई और 2016 में भारतीय जूनियर महिला टीम के लिए चुनी गईं। यही उनका अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू था। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक, वर्ल्ड कप, और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।

खेल प्रेमियों में खुशी की लहर

सलीमा टेटे के अर्जुन अवॉर्ड के लिए चयन की खबर से झारखंड के खेल प्रेमियों में उत्साह और गर्व का माहौल है। सलीमा की इस उपलब्धि ने राज्य के युवाओं को प्रेरणा दी है कि कठिन परिश्रम और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version