जामताड़ा पुलिस ने 4 मई को स्टेशन मास्टर से हुई छिनतई मामले का खुलासा करते हुए एक नाबालिग अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, बाइक, मोबाइल फोन और लूट का सामान बरामद किया गया है।
मंगलवार को जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में शंभू कुमार सिंह ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 4 मई को जामताड़ा थाना क्षेत्र के ठोकीपाड़ा कब्रिस्तान के पास काश्तीआंड हॉल्ट के स्टेशन मास्टर मोहम्मद इरफान अंसारी से अपराधियों ने छिनतई की घटना को अंजाम दिया था।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कांड के खुलासे के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया था।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
जांच के दौरान विशेष जांच दल को सूचना मिली कि इस मामले में शामिल अपराधी शहरडाल गांव में किसी नई वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही कुछ अपराधी मौके से फरार हो गए, लेकिन एक नाबालिग अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, दो स्मार्टफोन, एक अपाचे बाइक और लूट का सामान बरामद किया।
पुलिस का कहना है कि बरामद सामान अन्य वारदातों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
कई घटनाओं में शामिल रहा है आरोपी
एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार नाबालिग अपराधी पहले भी कई गंभीर घटनाओं में शामिल रहा है। वह मिहिजाम गोलीकांड समेत कई लूट और छिनतई की घटनाओं में सक्रिय भूमिका निभा चुका है।
उन्होंने बताया कि आरोपी पहले जेल भी जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। बाहर आने के बाद वह दोबारा अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इसी गिरोह ने कुछ दिन पहले चितरंजन नॉर्थ इलाके में एक महिला से मोबाइल, पर्स और चेन छीनने की घटना को भी अंजाम दिया था।
फरार अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस
इस कार्रवाई में मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा, पुलिस अवर निरीक्षक गुलशन कुमार सिंह, अलित सागर केरकेट्टा, सहायक अवर निरीक्षक सूजन कुमार रवानी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई है।
