धनबाद (झारखंड): झारखंड में सोमवार की देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जब जामताड़ा से बोकारो के लगुबुरु घंटाबाड़ी जा रही तीन बसें आपस में टकरा गईं। हादसा राजगंज थाना क्षेत्र के चालीबंगला स्थित वन विभाग कार्यालय के पास हुआ। इन बसों में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे आदिवासी श्रद्धालु सवार थे। टक्कर में 70 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

राजगंज में देर रात तीन बसों की भीषण टक्कर

जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार रात करीब 12 बजे एनएच-19 (कोलकाता-दिल्ली मार्ग) पर हुई। जामताड़ा से रवाना हुई तीनों बसें एक-दूसरे के पीछे चल रही थीं। अचानक आगे चल रही बस के रुकने से पीछे से आ रही दो बसें आपस में टकरा गईं।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्री अपनी सीटों से गिर पड़े और बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।

घटना के समय सभी श्रद्धालु सो रहे थे

बस में सवार एक यात्री लतिका सोरेन ने बताया कि सभी श्रद्धालु रात में यात्रा कर रहे थे और दुर्घटना के समय अधिकतर लोग नींद में थे।
टक्कर के बाद बस का दरवाजा जाम हो गया, जिसके चलते यात्रियों को सामने का शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया।
उनके अनुसार, सबसे आगे चल रही बस हादसे के बाद मौके से निकल गई, जबकि पीछे की दोनों बसों को काफी नुकसान पहुंचा।

गंभीर रूप से घायल श्रद्धालु धनबाद अस्पताल में भर्ती

हादसे में घायल यात्रियों को तुरंत एसएनएमएमसीएच धनबाद भेजा गया, जहां कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, करीब तीन दर्जन से अधिक महिला व पुरुष यात्री घायल हुए हैं।
इनमें 70 वर्षीय रास मुनि देवी का हाथ टूट गया है, जबकि सोनाली हांसदा, बसंती किस्कू, धन टुडू, लूखी मुनि हेंब्रम, बाय हेंब्रम, मंगोली सोरेन, राज देव मरांडी और दीपक मुर्मू सहित कई अन्य को भी चोटें आई हैं।

तीनों बसें सुबह एक साथ हुई थीं रवाना

जानकारी के अनुसार, तीनों बसें सोमवार सुबह नाला पेट्रोल पंप से लालपनिया के लिए एक साथ रवाना हुई थीं। सभी यात्री लगुबुरु पूजा में शामिल होने जा रहे थे।
लगुबुरु घंटाबाड़ी में हर साल बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। हादसे के बाद पीछे की दोनों बसों में सवार 120 से अधिक यात्री पास के पेट्रोल पंप पर रुके, जहां उन्हें अस्थायी राहत दी गई।

एनएच-19 पर यातायात बाधित, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे के कारण एनएच-19 पर यातायात कई घंटों तक बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बसों को सड़क से हटाया और आवागमन को दोबारा शुरू कराया।
पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version