रांची : पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को आम जनता के लिए निराशाजनक बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट लोगों की आंखों में धूल झोंकने वाला है और इससे राज्य के विकास को गति नहीं मिलेगी।
रघुवर दास ने कहा कि बजट में योजनाओं के नाम पर बड़ी राशि रखने की घोषणा की गई है, लेकिन केवल रकम तय कर देने से योजनाओं की सफलता सुनिश्चित नहीं होती। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पिछली बार घोषित राशि का सही ढंग से उपयोग हो पाया।
उन्होंने कहा कि पिछले बजट में भी विभिन्न मदों के लिए बड़ी-बड़ी रकम का प्रावधान किया गया था, लेकिन उसका समुचित क्रियान्वयन नहीं हो सका। बजट में केवल आंकड़े बढ़ा देना विकास की गारंटी नहीं है, असली चुनौती समय पर और प्रभावी ढंग से योजनाओं को लागू करना है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इस बजट में गरीब, आदिवासी, किसान, युवा और महिलाओं के साथ छल किया गया है। खासकर युवाओं के लिए रोजगार को लेकर कोई ठोस योजना नहीं लाई गई है।
उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता और आम आदमी के लिए घोर निराशाजनक साबित होगा।

