कोडरमा : कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलवाढाब गांव से रविवार शाम से लापता 12 वर्षीय किशोर शीतल कुमार का शव शुक्रवार सुबह एक कुएं से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, गोलवाढाब गांव निवासी वीरेंद्र यादव का पुत्र शीतल कुमार रविवार शाम अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद डोमचांच थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस और परिजन लगातार उसकी खोजबीन में जुटे हुए थे।
मेघना पहाड़ी के कुएं में मिला शव
शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे बगड़ो गांव से सटी मेघना पहाड़ी स्थित एक कुएं में ग्रामीणों ने एक शव तैरता हुआ देखा। बताया जाता है कि कुछ ग्रामीण सुबह बगड़ो तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर कुएं के अंदर पड़ी और उन्होंने शव दिखाई देने पर आसपास के लोगों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही शीतल के परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र का माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद डोमचांच थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
हादसा या कुछ और, जांच के बाद होगा खुलासा
स्थानीय ग्रामीणों का अनुमान है कि शीतल संभवतः घूमते हुए मेघना पहाड़ी क्षेत्र तक पहुंच गया होगा और गलती से कुएं में गिरने के कारण उसकी मौत हुई होगी। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक शीतल कुमार दो भाइयों में बड़ा था और गांव के निकट स्थित एक विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। उसके पिता वीरेंद्र यादव मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

