रामगढ़ : झारखंड में लगातार गहराते बिजली और पेयजल संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को रामगढ़ में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एनएच छत्तरमाण्डू से उपायुक्त कार्यालय तक आक्रोश मार्च निकाला और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता हाथों में घड़ा और तख्तियां लेकर पहुंचे। समाहरणालय गेट के सामने घड़ा फोड़कर भाजपा ने सरकार के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया।
पैदल मार्च में दिखा भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश
भाजपा का आक्रोश मार्च एनएच छत्तरमाण्डू से शुरू हुआ। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता पैदल मार्च करते हुए कोर्ट परिसर से होकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। पूरे रास्ते राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी होती रही। कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर बिजली और पानी संकट से जुड़े संदेश लिखे गए थे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता “घड़ा उठेगा, हक की लड़ाई और तेज होगी” जैसे नारे लगा रहे थे। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बीच राज्य के कई हिस्सों में लोग बिजली कटौती और जल संकट से परेशान हैं, लेकिन सरकार समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है।
घड़ा फोड़कर जताया प्रतीकात्मक विरोध
समाहरणालय गेट के सामने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घड़ा फोड़कर अपना आक्रोश जताया। पार्टी नेताओं ने कहा कि घड़ा पानी की समस्या का प्रतीक है और इसे फोड़कर सरकार की विफलता को उजागर किया गया है।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि आम जनता रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संघर्ष कर रही है। कई इलाकों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, वहीं लगातार बिजली कटौती से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
हेमंत सरकार हर मोर्चे पर विफल : नीलकंठ सिंह मुंडा
आक्रोश मार्च में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हेमंत सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि गांव से लेकर शहर तक लोग बिजली और पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, लेकिन जमीन पर राहत नजर नहीं आ रही। भाजपा जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी।
जनता मूलभूत सुविधाओं को तरस रही : रोशन लाल चौधरी
बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने भी राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड में विकास कार्य ठप पड़ चुके हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है।
उन्होंने कहा कि बिजली, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं दिख रही। अब राज्य की जनता बदलाव चाहती है।
उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद भाजपा का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कार्यालय पहुंचा और बिजली तथा जल संकट के समाधान को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि आम लोगों को जल्द राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन को और तेज करेगी।

