रामगढ़: रामगढ़ पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में बढ़ रहे संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और लंबित मामलों के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

वाहन जांच के दौरान दो आरोपी दबोचे गए

पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान मो. नजरूल अंसारी और मो. निसार अंसारी, दोनों निवासी कुन्दरूकला, को दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की हैं।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं।

गिरोह का तीसरा सदस्य भी गिरफ्तार

जांच के दौरान गिरोह के एक अन्य सदस्य रंजीत महतो को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मो. नजरूल अंसारी का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

सात चोरी की बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से बिना नंबर की पैशन प्रो, पल्सर, होंडा शाइन, हीरो पैशन प्रो, डिस्कवर समेत कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

तीनों आरोपियों के खिलाफ रामगढ़ थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

अभियान में शामिल रहे ये अधिकारी

इस कार्रवाई में मुख्यालय डीएसपी मोहम्मद अकरम रजा, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय, पुलिस निरीक्षक रजत कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version