पलामू: जिले के पांकी मुख्यालय स्थित मेन रोड पर एक ज्वेलरी दुकान में बीती रात बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने घनश्याम ज्वेलर्स की तिजोरी को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया।
पीछे के गेट से दुकान में घुसे चोर
पीड़ित दुकानदार घनश्याम सोनी के अनुसार, दुकान के पीछे एक छोटा गेट है, जिसके ताले को तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने शटर को किसी औजार या मशीन की मदद से उठाकर उसका ताला तोड़ा और दुकान के भीतर प्रवेश किया।
तिजोरी को बनाया निशाना
दुकान में घुसने के बाद चोरों ने सीधे तिजोरी को निशाना बनाया और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की सटीक कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही गुरुवार सुबह पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई।
खोजी कुत्ता डाक-बंगला पहाड़ी तक पहुंचा
जांच के दौरान खोजी कुत्ता दुकान के पीछे के रास्ते से होते हुए सिंचाई विभाग मैदान और फिर डाक-बंगला पहाड़ी तक गया। इसके बाद वह वापस लौट आया, जिससे पुलिस को कुछ अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
इलाके में दहशत
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
