रांची : झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के स्टेट चीफ और 10 लाख रुपये के इनामी नक्सली अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा गोलियां, तीन मोबाइल फोन और पीएलएफआई से जुड़े पर्चे बरामद किए गए हैं।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमृत होरो अपने साथियों के साथ लापुंग थाना क्षेत्र के महुगांव जंगल के आसपास हथियारों के साथ मौजूद है और किसी बड़ी नक्सली घटना की योजना बना रहा है।

सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के निर्देशन और डीएसपी बेड़ो दीपक कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

जंगल में घेराबंदी कर गिरफ्तारी

पुलिस टीम ने देर रात महुगांव जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध हथियारबंद व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान अमृत होरो के रूप में की और स्वीकार किया कि वह पीएलएफआई का स्टेट चीफ है।

50 से अधिक मामलों में वांटेड था आरोपी

पुलिस के अनुसार अमृत होरो पिछले करीब 16 वर्षों से झारखंड के विभिन्न जिलों में नक्सली गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इन मामलों में हत्या, रंगदारी, लेवी वसूली, आगजनी, फायरिंग और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

लेवी वसूली और दहशत फैलाने का नेटवर्क

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि पीएलएफआई के नाम पर व्यवसायियों, ठेकेदारों और निर्माण कंपनियों से फोन और सोशल मीडिया के जरिए लेवी वसूली की जाती थी। पैसे देने से इनकार करने वालों को धमकी दी जाती थी।

कई बड़ी घटनाओं में शामिल

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अमृत होरो कई चर्चित मामलों में शामिल रहा है। वर्ष 2023 में हत्या, 2024 में 20 लाख रुपये की लेवी मांगने, रेल परियोजना स्थल पर फायरिंग और आगजनी, तथा कई जिलों में रंगदारी के मामलों में उसका नाम सामने आया है।

एसएसपी का बयान

एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि इस गिरफ्तारी से पीएलएफआई संगठन के शीर्ष नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस का मानना है कि इससे राज्य में नक्सली गतिविधियों और रंगदारी मामलों में कमी आएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version