रांची : कांके चौक स्थित भाजपा नेता अनिल टाइगर हत्याकांड मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस चर्चित हत्याकांड में शामिल सुपारी किलर सूरज को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि गुप्त सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार सूरज ने देवब्रत शाहदेव के साथ मिलकर अनिल टाइगर की हत्या की पूरी साजिश रची थी। फिलहाल पुलिस उसे गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ कर रही है। पूछताछ में सूरज ने हत्या के पीछे की वजह का भी खुलासा किया है। साथ ही उसने यह भी स्वीकार किया है कि शूटरों को रेकी करने और गोली मारने की जिम्मेदारी उसी ने सौंपी थी।
होटल में बैठकर मोबाइल देख रहे थे अनिल टाइगर
बताया जा रहा है कि घटना के दिन अनिल टाइगर कांके चौक स्थित एक होटल में बैठकर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान दो अपराधी खाना खाने के बहाने होटल में पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रोहित नामक आरोपी ने गोली चलाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद अमन ने अपने बैग से पिस्टल निकाली और अनिल टाइगर के सिर में सटाकर गोली मार दी।
गोली लगते ही अनिल टाइगर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अपराधियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस और अपराधियों के बीच हुई थी मुठभेड़
घटना के बाद पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई थी, जिसमें एक आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं, बाद में रांची पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया था।
अब सूरज की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मामले में कई अहम सुराग मिले हैं। संभावना जताई जा रही है कि रांची पुलिस जल्द ही प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करेगी।
