Ranchi : झारखंड शराब घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मंगलवार सुबह दुमका में बड़ी कार्रवाई की. एसीबी की टीम ने विनय चौबे से जुड़े माने जा रहे व्यवसायी श्रवण जालान के रिश्तेदार नवीन पटवारी के आवास पर छापेमारी शुरू की है.

सूत्रों के अनुसार, नवीन पटवारी और उनके तीन भाई इसी आवास में रहते हैं. कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. आवास के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा बलों की तैनाती है. इस दौरान मीडिया की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रखी गई है.

श्रवण जालान के यहां पहले भी हुई थी रेड

सोमवार को एसीबी ने रांची में श्रवण जालान के आवास और कार्यालय पर छापेमारी की थी, जहां से दो से तीन मोबाइल फोन, जमीन से जुड़े कागजात और डिजिटल साक्ष्य मिले थे. छापेमारी के समय जालान घर पर मौजूद नहीं थे. एजेंसी उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस भेज सकती है.

विनय चौबे की अवैध कमाई पर जांच

सूत्र बताते हैं कि एसीबी को जानकारी मिली है कि विनय चौबे ने अपनी अवैध कमाई का एक हिस्सा श्रवण जालान के माध्यम से विभिन्न जगहों पर निवेश किया. इस सिलसिले में एसीबी लगातार कार्रवाई कर रही है.

इसके पहले एजेंसी ने विनय चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता से लगभग 10 घंटे की पूछताछ की थी. साथ ही विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह की तलाश में लखीसराय भी छापेमारी की गई थी.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version