खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अड़की थाना क्षेत्र के चर्चित हब्लू-डब्लू होटल में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान होटल संचालक विजय उर्फ हब्लू को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी

पुलिस के अनुसार, जिले के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ मंगल सिंह जामूदा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने अड़की गांव स्थित होटल में छापेमारी की, जहां तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।

15 से 20 पेटी विदेशी शराब बरामद

छापेमारी के दौरान होटल से करीब 15 से 20 पेटी विदेशी शराब, खुली शराब (लूज शराब) तथा बड़ी संख्या में शराब की बोतलों के ढक्कन बरामद किए गए। बरामद सामग्री को पुलिस ने जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है।

नकली शराब बनाने की आशंका

बरामद सामान को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि होटल परिसर में अवैध शराब का भंडारण करने के साथ-साथ नकली शराब तैयार करने का काम भी किया जा रहा था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि फोरेंसिक और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

एसडीपीओ मंगल सिंह जामूदा ने बताया कि होटल संचालक विजय उर्फ हब्लू को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद शराब का मिलान किया जा रहा है और अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि शराब की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इस धंधे में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version