रांची: राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां एक जीएसटी अधिकारी और उनके परिवार को शाकाहारी भोजन के स्थान पर मांसाहारी व्यंजन परोस दिया गया, जिसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामगढ़-हजारीबाग क्षेत्र के जीएसटी अधिकारी दीपक पांडेय अपने परिवार के साथ बेटे का जन्मदिन मनाने एक रेस्टोरेंट पहुंचे थे। परिवार ने वेज मिक्स चाऊमीन सहित कई शाकाहारी व्यंजन ऑर्डर किए थे।
वेज की जगह परोसा गया नॉनवेज
आरोप है कि रेस्टोरेंट के वेटर ने गलती से शाकाहारी की जगह नॉनवेज मिक्स चाऊमीन परोस दिया। जैसे ही परिवार को इसकी जानकारी हुई, उन्होंने कड़ा विरोध जताते हुए खाना फेंक दिया।
इस घटना के बाद रेस्टोरेंट में कुछ समय के लिए हंगामे जैसी स्थिति बन गई।
धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप
पीड़ित परिवार का कहना है कि यह सिर्फ सेवा में चूक नहीं, बल्कि उनकी धार्मिक और व्यक्तिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला मामला है।
थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद जीएसटी अधिकारी ने रेस्टोरेंट प्रबंधन के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
जांच में जुटी पुलिस
सूत्रों के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है और रेस्टोरेंट संचालक से पूछताछ की जा सकती है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो उपभोक्ता संरक्षण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों के तहत कार्रवाई संभव है।
प्रशासन ने रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देश दिया है कि वे ग्राहकों की आस्था और पसंद का सम्मान करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
