रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटल सुदृढ़ीकरण की दिशा में मंगलवार, 22 जुलाई को विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे रिम्स परिसर के विभिन्न स्थलों पर होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे न्यू एकेडमिक बिल्डिंग के एल.टी.-1 सभागार में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां नियुक्ति पत्रों का भी वितरण किया जाएगा।
मरीजों को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं
समारोह के दौरान मरीजों की सुविधा के लिए डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट, सेंट्रल लेबोरेटरी तथा ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग के नए ऑपरेशन थिएटर और वार्ड का उद्घाटन किया जाएगा। इन सुविधाओं से जांच और उपचार सेवाओं को अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
रिम्स में डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बीएसएनएल वाई-फाई, सीसीटीवी कमांड एंड कंट्रोल रूम, ई-सुश्रुत एचएमआईएस झारखंड तथा ऑनलाइन पेशेंट अपॉइंटमेंट सिस्टम का भी शुभारंभ किया जाएगा। इन नई व्यवस्थाओं से मरीजों को अस्पताल की सेवाएं अधिक सुगम, पारदर्शी और डिजिटल माध्यम से उपलब्ध हो सकेंगी।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इन नई सुविधाओं के शुरू होने से रिम्स में इलाज, जांच, मरीज प्रबंधन और अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और तकनीक आधारित बनेगी।
