जमशेदपुर : अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन में राष्ट्रीय स्तर पर बड़े संगठनात्मक बदलाव किए गए हैं। रांची के बसंत मित्तल के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद संगठन को नई दिशा देने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में गोविंदपुर, धनबाद के समाजसेवी एवं उद्योगपति नंदलाल अग्रवाल को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन का राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
नंदलाल अग्रवाल इससे पहले झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनके मनोनयन के बाद झारखंड के युवाओं और अग्रवाल समाज में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
झारखंड इकाई भंग, नई तदर्थ समिति गठित
राष्ट्रीय नेतृत्व संभालने के बाद बसंत मित्तल ने झारखंड प्रदेश संगठन में बड़े बदलाव किए हैं। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में झारखंड प्रदेश कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया। इसके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष उमेश शाह समेत सभी वर्तमान पदाधिकारियों के अधिकार और दायित्व समाप्त कर दिए गए।
संगठन के पुनर्गठन और विस्तार के उद्देश्य से नई तदर्थ समिति का गठन किया गया है। युवा नेतृत्वकर्ता संदीप मुरारका को झारखंड प्रदेश संयोजक और वरिष्ठ समाजसेवी कमल किशोर अग्रवाल को प्रदेश सह-संयोजक बनाया गया है।
संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर जोर
नई तदर्थ समिति को पूरे प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसमें नई शाखाओं का गठन, सदस्यता अभियान चलाना, महिला इकाइयों का विस्तार और निष्पक्ष संगठनात्मक चुनाव कराना शामिल है।
संगठन से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में अग्रवाल समाज को और अधिक सक्रिय एवं संगठित बनाने पर विशेष फोकस किया जाएगा।
पूर्वी सिंहभूम इकाई में भी बदलाव
इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष सुशील कुमार अग्रवाल का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। अब जिला इकाई निर्वाचित जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी के नेतृत्व में कार्य करेगी।
वहीं रांची के युवा व्यवसायी और समाजसेवी मनोज बजाज को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन का राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है।
संगठन के सदस्यों ने बसंत मित्तल और राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल के नेतृत्व में लिए गए फैसलों का स्वागत किया है। समाज के लोगों का मानना है कि यह बदलाव संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
