चतरा : झारखंड के चतरा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सदर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय अफीम तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पंजाब के दो तस्कर भी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 किलो 319 ग्राम अवैध अफीम, करीब सात लाख रुपये मूल्य की खेप, एक लग्जरी कार, चार महंगे मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की है।

गुप्त सूचना पर कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अनिमेश नैथानी को सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के टिकर-जितनी रोड के रास्ते अफीम की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। इसके बाद संदीप सुमन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने टिकर रोड पर वाहन जांच अभियान चलाया, जहां एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से अफीम बरामद हुई।

चार तस्कर गिरफ्तार

मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें संतोष कुमार दांगी, रूपेश कुमार यादव (दोनों चतरा निवासी) तथा हरेंद्र सिंह और दविंद्रपाल सिंह (दोनों पंजाब निवासी) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, ये तस्कर लावालौंग क्षेत्र से अफीम खरीदकर उसे पंजाब ले जाने की योजना बना रहे थे।

मोबाइल और नकद भी जब्त

अभियान के दौरान पुलिस ने ओप्पो, आईफोन 14 प्रो मैक्स, वीवो और रेडमी के चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। साथ ही पांच हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।

एसडीपीओ ने बताया कि बरामद अफीम की बाजार कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है।

पंजाब कनेक्शन की जांच तेज

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2021 में भी चतरा में पंजाब के तस्करों की गिरफ्तारी हुई थी। एक बार फिर इस कनेक्शन के सामने आने के बाद पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और इससे जुड़े फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंक की जांच में जुटी है।

अभियान रहेगा जारी

इस कार्रवाई में सदर थानेदार और पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version