चतरा: झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अफीम कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.196 किलो अफीम, 78.4 किलो डोडा, दो मोबाइल फोन और एक टीवीएस एक्सएल 100 बाइक बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीवलाल गंझू और मो. फैजान मलिक के रूप में हुई है। दोनों सिमरिया क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान दो अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बजराही के पास बगरा-चतरा रोड किनारे कुछ लोग अवैध रूप से अफीम की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
इस टीम में अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह, एनडीपीएस थाना के एसआई मो. समी अंसारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी
छापेमारी टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, वहां मौजूद लोग पुलिस वाहन देखकर भागने लगे। पुलिस जवानों ने पीछा कर दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी जंगल की ओर फरार हो गए।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अफीम की खरीद-बिक्री के लिए वहां पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि मैदान में खड़ी टीवीएस एक्सएल 100 बाइक की डिक्की में अफीम रखा गया है।
बाइक और घर से बरामद हुआ मादक पदार्थ
पुलिस ने बाइक की तलाशी ली तो उसकी डिक्की से दो प्लास्टिक डिब्बों में अफीम बरामद हुई। इसके बाद आरोपी जीवलाल गंझू की निशानदेही पर उसके घर में भी छापेमारी की गई।
घर से एक केन में रखा अफीम और तीन प्लास्टिक बोरों में भरा डोडा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार बरामद डोडा का कुल वजन 78.4 किलो है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों की पहचान हैदर खान उर्फ दीवान और दिलावर खान के रूप में हुई है। दोनों ईचाक कला गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

