रांची/पटना: झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में फरार माफियाओं की तलाश तेज करते हुए रांची पुलिस ने पटना में बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को पुलिस टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी कर पूरे इलाके में हलचल मचा दी।

कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

पुलिस ने पटना के बुद्धा कॉलोनी स्थित बाबा लॉज, बोरिंग रोड के एक अपार्टमेंट और मालसलामी इलाके में दबिश दी। देर रात तक चली इस कार्रवाई के दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई, हालांकि मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर रहे।

अभिषेक उर्फ छोटू की तलाश तेज

पुलिस को सूचना मिली थी कि मालसलामी निवासी अभिषेक उर्फ छोटू पटना में छिपा हुआ है। जांच में यह भी सामने आया कि उसका ठिकाना बाबा लॉज था, जिसके आधार पर पुलिस ने वहां छापेमारी की।

नर्सिंग कॉलेज में पहले भी हुई थी कार्रवाई

इससे पहले 11 अप्रैल की रात तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव स्थित निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज में छापेमारी के दौरान अभिषेक छोटू और उसका सहयोगी सोनू मौजूद थे। पुलिस की भनक लगते ही उन्होंने शोर मचा दिया, जिससे कई माफिया मौके से फरार हो गए। उस कार्रवाई में पुलिस ने 7 माफियाओं और 159 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया था, जहां उन्हें प्रश्नपत्र और उत्तर रटवाए जा रहे थे।

अंतरराज्यीय गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड जहानाबाद का अतुल वत्स है, जो फिलहाल रांची जेल में बंद है। अभिषेक उसका करीबी सहयोगी बताया जा रहा है, जबकि सोनू उसका ड्राइवर है।

पुलिस के अनुसार, प्रश्नपत्र लीक कराने के लिए अतुल ने पटना सिटी के चुनचुन यादव से संपर्क किया था और व्हाट्सएप के जरिए विकास नामक व्यक्ति ने प्रश्नपत्र भेजा था। चुनचुन यादव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि विकास अब भी फरार है।

कई राज्यों तक फैला नेटवर्क

इस मामले में पटना सिटी, गया, जहानाबाद, नवादा और दानापुर के कई संदिग्धों पर पुलिस की नजर है। इनमें से कुछ आरोपी घटना के दिन रांची में भी मौजूद थे। हालांकि अब तक बरामद प्रश्नपत्र का मिलान असली प्रश्नपत्र से नहीं हो पाया है, जिससे जांच और जटिल हो गई है।

पटना पुलिस भी करेगी कार्रवाई

अतुल वत्स के खिलाफ पटना के विभिन्न थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। अब पटना पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रांची पुलिस ने उसका आपराधिक रिकॉर्ड पटना पुलिस को सौंप दिया है।

फिलहाल रांची पुलिस की टीमें पटना में डटी हुई हैं और लगातार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version