चतरा: चतरा पुलिस ने एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात अपराधी प्रिंस खान उर्फ हैदर अली के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले अशफाक आलम और सद्दाब अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से मोबाइल फोन और लेवी के लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला
चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष कुमार नैथानी ने बताया कि मामला हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव निवासी प्रेमचंद सिंह की लिखित शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया था।
गिरोह के लिए लेवी पहुंचाने का था जिम्मा
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क के सक्रिय सदस्य थे। वे लेवी की रकम एकत्र कर गिरोह तक पहुंचाने और उसके नेटवर्क को संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे।
पहले भी कई आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि इस मामले में इससे पहले अमन खान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। इसके अलावा मुर्तजा अंसारी, मोहम्मद नाजिम और कृष कुमार सिंह को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। लगातार छापेमारी के बाद अब अशफाक आलम और सद्दाब अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान में चतरा और हंटरगंज थाना पुलिस सहित अन्य पुलिस अधिकारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

