झारखंड के चाईबासा जिले में पुलिस ने अफीम तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई टेबो थाना क्षेत्र के रोगोद गांव में की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 किलो पोस्ता, दो बाइक और 7 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

यह अभियान टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मारांडी के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रोगोद गांव में कुछ लोग अफीम की खरीद-बिक्री के लिए आने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।

भागने की कोशिश के दौरान दबोचे गए आरोपी

पुलिस के अनुसार जैसे ही संदिग्ध लोग मौके पर पहुंचे, टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी मात्रा में पोस्ता, नकदी और बाइक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोगोद गांव निवासी बुद्धनाथ पूरती (38), सोमा हास्सा पूरती (26) और कोटागढ़ा गांव निवासी मांगरा हुनी पूरती (22) के रूप में हुई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27(ए), 28 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मारांडी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इलाके में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

जंगल क्षेत्रों में सक्रिय हैं तस्करी नेटवर्क

पुलिस के अनुसार टेबो थाना क्षेत्र का बड़ा हिस्सा जंगलों से घिरा हुआ है। ऐसे इलाकों में छिपकर अफीम की खेती और तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की जानकारी लगातार मिलती रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version