धनबाद : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धनबाद में शुक्रवार को ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस जागरूकता दौड़ में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर किया गया।

‘रन फॉर योग’ की शुरुआत रणधीर वर्मा चौक से हुई। इसके बाद प्रतिभागी उत्साह के साथ दौड़ते हुए सिटी सेंटर पहुंचे, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का जोश और उत्साह देखने लायक था।

अधिकारी, छात्र और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी, खेल प्रेमी, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस दौरान लोगों को योग के महत्व और इसके शारीरिक तथा मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है और जीवन की गुणवत्ता में सुधार आता है।

योग को जन-आंदोलन बनाने का लिया संकल्प

दौड़ में शामिल लोगों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और समाज के अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।

21 जून को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा मुख्य आयोजन

जिला प्रशासन ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे 21 जून 2026 को मेमको मोड़ स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं।

प्रशासन का मानना है कि ऐसे आयोजनों से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और योग को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version