रांची : रांची के रातु थाना क्षेत्र में एटीएम पर पैसे निकालने गए एक व्यक्ति के साथ ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात ठग ने मदद करने के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 1 लाख 12 हजार 273 रुपये की अवैध निकासी कर ली।

काठीटांड़ एटीएम में हुई घटना

जानकारी के अनुसार, औरंगाबाद निवासी राजकिशोर तिवारी काठीटांड़ स्थित हिताची एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने मदद करने का झांसा देकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और उसी समय उनका पिन नंबर भी देख लिया।

अलग-अलग ट्रांजैक्शन में निकाले पैसे

घटना के बाद पीड़ित को तुरंत धोखाधड़ी की जानकारी नहीं हो सकी क्योंकि उनके मोबाइल पर ट्रांजैक्शन अलर्ट नहीं आया। बाद में बैंक खाता चेक करने पर पता चला कि अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 1,12,273 रुपये निकाल लिए गए हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित ने रातु थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी आदिकांत महतो के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version