खूंटी: श्रावण मास के शुभारंभ के अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने गुरुवार को खूंटी स्थित बाबा आम्रेश्वर धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी मीरा मुंडा भी उनके साथ मौजूद रहीं।
पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि उन्होंने देवाधिदेव महादेव के श्रीचरणों में झारखंड के सभी लोगों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की है।
उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे और यह पवित्र श्रावण मास प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और आध्यात्मिक चेतना का संचार करे।
अर्जुन मुंडा ने श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए सभी श्रद्धालुओं से भगवान शिव की आराधना करने और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा सेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश भी दिया।

