रांची: पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने मंगलवार को संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित प्रदेश स्तरीय भव्य कलश वंदन अभियान को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने संत गुरु रविदास के विचारों को सामाजिक समरसता और मानवता का आधार बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि संत श्री गुरु रविदास जी महाराज का जीवन समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का अनुपम संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास के विचार आज भी समाज को जाति, भेदभाव और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर समानता, बंधुत्व और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

समाज को जोड़ने का संदेश

उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास के विचार वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके जीवनकाल में थे। उनका जीवन समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता स्थापित करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी लोगों से गुरु रविदास के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पद्मश्री महावीर नायक, मुख्य ग्रंथी विक्रम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभय कांत प्रसाद, दिनेशानंद गोस्वामी, दीपक प्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास सहित प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकर्ता और राज्यभर से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version