रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के रांची मौसम केंद्र ने राज्य के कई जिलों के लिए अगले पांच दिनों तक भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

2 और 3 अगस्त को पूरे राज्य में बारिश और वज्रपात की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 2 और 3 अगस्त को राज्य के लगभग सभी जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है।

4 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

4 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और बोकारो जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 5 और 6 अगस्त को राज्य के अन्य कई जिलों में भी भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

तापमान में आएगी गिरावट

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। राजधानी रांची में 8 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने, वज्रपात के समय पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने तथा बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी नागरिकों से मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version