रांची: एक सितंबर से प्रस्तावित अग्निवीर भर्ती रैली-2026 के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और आवश्यक आधारभूत व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सेना के अधिकारी एम.के. शर्मा ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली 1 सितंबर से शुरू होगी और लगभग 12 से 13 दिनों तक चलेगी। उन्होंने जानकारी दी कि अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया रात 12 बजे से प्रारंभ होगी। इसे देखते हुए भर्ती स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, जनरेटर बैकअप, एलईडी स्क्रीन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इंटरनेट सुविधा तथा स्वच्छता एवं सैनिटेशन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

मेडिकल और आपातकालीन सुविधाओं पर विशेष जोर

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने निर्देश दिया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने भर्ती स्थल पर पर्याप्त मेडिकल सुविधा, एंबुलेंस, चिकित्सकों की तैनाती, स्ट्रेचर, कूलिंग रूम तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि दौड़ या अन्य शारीरिक गतिविधियों के दौरान किसी भी अभ्यर्थी की तबीयत खराब होने पर तत्काल उपचार मिल सके।

मौसम को देखते हुए विशेष इंतजाम के निर्देश

उपायुक्त ने मौसम को ध्यान में रखते हुए वाटरप्रूफ जर्मन शेल्टर, पर्याप्त विश्राम क्षेत्र, बैरिकेडिंग, आवश्यक स्थानों पर कार्पेट, बैठने की व्यवस्था और अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित प्रतीक्षा स्थल तैयार करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, सहायक समाहर्ता आस्था शरण, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था), जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला खेल पदाधिकारी, सदर डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version