गोड्डा : विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची अद्यतन कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया के निर्देश पर पौड़ैयाहाट प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कई स्तरों पर गंभीर अनियमितताएं और लापरवाही सामने आईं।

शनिवार को उप निर्वाचन पदाधिकारी ने पौड़ैयाहाट क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य, निर्वाचन प्रपत्रों के संधारण, बूथ स्तरीय गतिविधियों तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान बूथ संख्या 39 पर कार्यरत बूथ लेवल ऑफिसर की ओर से निर्वाचन कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

सुपरवाइजर को निलंबित करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर अपने कार्यालय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित थे। इसके अलावा निर्वाचन कार्यों के प्रति उनकी गंभीर उदासीनता भी सामने आई। मामले को गंभीर मानते हुए उप निर्वाचन पदाधिकारी ने सुपरवाइजर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया।

बीडीओ और सीओ से भी मांगा गया स्पष्टीकरण

समीक्षा के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि एईआरओ सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, पौड़ैयाहाट तथा अतिरिक्त एईआरओ सह अंचलाधिकारी निर्वाचन संबंधी कार्यों में अपेक्षित गंभीरता और रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इसे देखते हुए दोनों अधिकारियों के खिलाफ शोकॉज जारी करने का निर्देश दिया गया है।

निर्वाचन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर और संबंधित अधिकारियों को पूर्ण पारदर्शिता, जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा हो।

भविष्य में भी जारी रहेगा निरीक्षण

उप निर्वाचन पदाधिकारी ने चेतावनी दी कि आगामी दिनों में भी लगातार निरीक्षण किए जाएंगे। यदि किसी स्तर पर अनियमितता, लापरवाही या कार्य में ढिलाई पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ संपन्न कराना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं प्रभावी बनी रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version