खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के मुरहू क्षेत्र में हुई हिंसक झड़प के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। शनिवार को पथराव की घटना के बाद स्थिति बिगड़ गई, जिसके विरोध में लोगों ने अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान कर दिया है। बंद की शुरुआत रविवार दोपहर से ही कर दी गई।

बैठक के बाद बंद का फैसला

जानकारी के अनुसार, सर्व सनातन समाज की बैठक में बंद का निर्णय लिया गया। बैठक से पहले लोगों ने शहर में घूम-घूमकर दुकानों को बंद कराया। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में लोग पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा के नेतृत्व में खूंटी थाना पहुंचे और अपनी मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।

प्रदर्शनकारियों की मांगें

प्रदर्शनकारियों ने हिंसा के बाद गिरफ्तार लोगों को बिना शर्त रिहा करने और पुलिस कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। इस दौरान नीलकंठ सिंह मुंडा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष लोगों को जल्द से जल्द छोड़ा जाना चाहिए।

प्रशासन का पक्ष

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई पूरी तरह तथ्यों और शिकायतों के आधार पर की जा रही है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक के अनुसार, दोनों पक्षों से मिले आवेदन के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

उन्होंने बताया कि अब तक दो लोगों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं, जबकि अन्य लोगों को छोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है।

दर्ज हुए कई मामले

मुरहू थाना में इस मामले को लेकर अब तक कुल 10 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें तीन मामले प्रशासन की ओर से दर्ज कराए गए हैं। विभिन्न पक्षों ने भी अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version