आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी में हुए ओवन ब्लास्ट में घायल मजदूर मुरली पात्रों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे में कुल सात मजदूर घायल हुए थे, जिनमें कुछ का इलाज अब भी अस्पताल में जारी है।
मृतक के परिजनों और कंपनी प्रबंधन के बीच मुआवजे को लेकर लंबे समय तक वार्ता चली। शुरुआत में परिजनों ने 40 लाख रुपये मुआवजे की मांग की थी। हालांकि, कई दौर की बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई।
समझौते के तहत ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को 10 लाख 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई। इसके बाद मुआवजे को लेकर चल रहा विवाद समाप्त हो गया।
फिलहाल ओवन ब्लास्ट के कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में ओवन फटने से यह हादसा हुआ था। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही हैं। वहीं, हादसे में घायल अन्य मजदूरों का इलाज जारी है।

