चाईबासा : चाईबासा के किरीबुरू थाना क्षेत्र स्थित मिलन चौक में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी कालू करूआ को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर दबोच लिया। इसके बाद उसे सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मामूली बात पर भड़का आरोपी

जानकारी के अनुसार, 16 मई की देर शाम मिलन चौक निवासी 32 वर्षीय चंद्रमोहन गोप मजदूरी कर अपने घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वह पास की दुकान पर सामान लेने गए थे। इसी दौरान आरोपी कालू करूआ वहां मौजूद था और वह चंद्रमोहन गोप से तमिल भाषा में बात करने लगा।

पीड़ित को भाषा समझ नहीं आई, जिस पर उन्होंने सामान्य तरीके से जवाब दिया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर आरोपी भड़क गया और विवाद बढ़ गया।

अचानक गले पर किया चाकू से हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस बढ़ने के बाद कालू करूआ ने अचानक चाकू निकालकर चंद्रमोहन गोप के गले पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को सेल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। डॉक्टरों के अनुसार अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की गई।

कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी कालू करूआ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version