पटना: बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव के सरकारी आवास पर चोरी का मामला सामने आया है। घटना को लेकर उनके निजी सहायक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
20 लाख रुपये समेत कई कीमती सामान चोरी होने का दावा
जानकारी के अनुसार पटना के 42 हार्डिंग रोड स्थित तेजप्रताप यादव के सरकारी आवास से नकदी, जेवरात और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी होने की शिकायत सचिवालय थाना में दर्ज कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
तेजप्रताप यादव का आरोप है कि 22 जून को उनके आवास की आलमारी में पार्टी फंड के लिए रखे गए 20 लाख रुपये गायब मिले। इसके अलावा करीब दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनेवो लैपटॉप और चार आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल फोन भी चोरी कर लिए गए।
निजी सहायक पर लगाया चोरी का आरोप
तेजप्रताप यादव ने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय पर चोरी का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि मोतीलाल राय वैशाली जिले के मनियारपुर गांव के निवासी हैं और लंबे समय से उनके साथ काम कर रहे थे।
आरोप के अनुसार घटना की रात मोतीलाल राय सामान से भरा बैग लेकर फरार हो गए। तेजप्रताप यादव का दावा है कि उनके ड्राइवर अनिल यादव और विशाल ने मोतीलाल राय को आवास की बाउंड्री फांदकर भागते हुए देखा था।
प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी
मामले को लेकर तेजप्रताप यादव ने सचिवालय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही चोरी की घटना और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
