जामताड़ा में उत्साह के साथ संपन्न हुआ समर कैंप

सेंट एंथोनी विद्यालय में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आयोजित 8 दिवसीय विशेष कक्षाओं और समर कैंप का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और रचनात्मक गतिविधियों का माहौल बना रहा।

विद्यालय प्रबंधन की ओर से आयोजित इस समर कैंप का उद्देश्य केवल बच्चों का मनोरंजन करना नहीं था, बल्कि शेष पाठ्यक्रम को पूरा कराने और आगामी परीक्षाओं की तैयारी को मजबूत बनाना भी था। शिविर का शुभारंभ विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी, निदेशक डॉ. चंचल भंडारी, प्राचार्य लारेब खान, विजन-ई सेक्रेटरी अपर्णा भंडारी और सहायक शिक्षकों की उपस्थिति में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के परिचय और संवाद सत्र से हुई, जिससे बच्चों और शिक्षकों के बीच सहयोग और अपनत्व का माहौल विकसित हुआ।

खेलकूद गतिविधियों में बच्चों ने दिखाया जोश

समर कैंप के दौरान बच्चों ने पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। म्यूजिकल चेयर, रस्साकशी, क्रिकेट और खो-खो जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों का उत्साह देखने लायक था। सभी खेल गतिविधियां अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में अनुशासित ढंग से संपन्न कराई गईं।

कौशल विकास पर दिया गया जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी ने कहा कि वर्तमान समय बहुआयामी कौशलों का दौर है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर बच्चों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन में आवश्यक गुणों और अनुशासन को भी विकसित करते हैं, जो उन्हें भविष्य में एक बेहतर नागरिक बनने में मदद करेंगे।

विद्यालय के निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने कहा कि विशेष कक्षाओं और समर कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों को शेष पाठ्यक्रम पूरा करने और आगामी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर मिला। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी शिक्षकों के समर्पण और सहयोग की सराहना की।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

विद्यालय के प्राचार्य लारेब खान ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा विजेता और उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के उप प्राचार्य उत्पल मंडल, शिक्षक उत्तम कुमार मंडल, सुजित साहा, विशाल साव, वरुण कुमार, दीनबंधु सिंह, अनीश रंजन और समीर दत्ता समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version