रांची/धनबाद: धनबाद से भारतीय जनता पार्टी के विधायक राज सिन्हा ने रविवार को तेतुलमुड़ी सिजुआ स्थित शक्ति नाथ महतो स्मारक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अमर शहीद शक्तिनाथ महतो की 78वीं जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विधायक राज सिन्हा ने कहा कि शहीद शक्तिनाथ महतो की शहादत सदैव प्रेरणादायी और अविस्मरणीय रहेगी। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के लिए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा तथा नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो, बाघमारा के विधायक शत्रुघ्न महतो सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने शहीद शक्तिनाथ महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं ने शहीद शक्तिनाथ महतो के योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी दोहराया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version