रांची/कोडरमा: झारखंड में साधु के भेष में यात्रियों को निशाना बनाने वाले एक खतरनाक लुटेरा गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यह गिरोह प्रसाद के नाम पर नशीला लड्डू खिलाकर लोगों को बेहोश करता था और फिर नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो जाता था।
ताजा मामला कोडरमा–धनबाद रेलखंड से सामने आया है, जहां एक महिला यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया गया कि ट्रेन में सफर के दौरान साधु के वेश में मौजूद आरोपियों ने महिला को प्रसाद के रूप में लड्डू दिया। लड्डू खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।
इस दौरान आरोपियों ने महिला के पास से नकदी और चांदी के जेवरात लूट लिए। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार दिनों तक इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। मृतका उत्तर प्रदेश के मांडा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।
मठ से जुड़ाव का झांसा देकर करते थे वारदात
रेलवे पुलिस को लंबे समय से ऐसी घटनाओं की शिकायत मिल रही थी। जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को किसी मठ से जुड़ा बताकर यात्रियों का भरोसा जीतते थे और फिर नशीला प्रसाद देकर वारदात को अंजाम देते थे।
संयुक्त कार्रवाई में 7 आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पुलिस ने सात फर्जी साधुओं को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
यात्रियों के लिए सुरक्षा सलाह
रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु या प्रसाद स्वीकार न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल को दें।

