गुमला : झारखंड के गुमला जिले में स्थित सीलम बाल सुधार गृह (रिमांड होम) से शुक्रवार सुबह तीन किशोरों के फरार होने की घटना ने प्रशासन और पुलिस विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि किशोर बेहद फिल्मी अंदाज में चादरों की रस्सी बनाकर ऊंची दीवार फांदते हुए फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब छह बजे की है। फरार किशोरों ने पहले सोने के लिए दी गई चादरों को आपस में बांधकर लंबी रस्सी तैयार की। इसके बाद उस रस्सी को दीवार के ऊपरी हिस्से में लगे लोहे के एंगल में फंसाकर दीवार पार कर परिसर से बाहर निकल गए।
सुबह गिनती के दौरान हुआ खुलासा
घटना का पता उस समय चला जब सुबह निर्धारित समय पर रिमांड होम में किशोरों की गिनती की जा रही थी। गिनती के दौरान तीन किशोर गायब मिले, जिसके बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत पूरे परिसर में तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद मामले की सूचना जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने रिमांड होम के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। साथ ही ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। वहां मौजूद अन्य किशोरों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
प्राथमिक जांच में इसे सुरक्षा में गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। सवाल उठ रहे हैं कि किशोर जब चादरों की रस्सी तैयार कर रहे थे और दीवार फांद रहे थे, तब सुरक्षा में तैनात कर्मी क्या कर रहे थे।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी गई है। प्रशासन अब परिसर की चहारदीवारी, निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने की तैयारी में जुट गया है।
जानकारी के मुताबिक फरार हुए तीन किशोरों में दो लोहरदगा जिले के निवासी हैं, जबकि एक किशोर गुमला के घाघरा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
