गोड्डा : जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोड्डा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने प्रतापपुर हटिया के समीप छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 20 पुड़िया में पैक 2.78 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
गोड्डा के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार को एक जून की दोपहर गुप्त सूचना मिली थी कि खटनई और प्रतापपुर हटिया से आमड़ाकामत जाने वाली सड़क पर स्थित बरगद के पेड़ के नीचे कुछ लोग नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और सेवन के लिए एकत्रित हुए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
प्रतापपुर हटिया के पास पकड़े गए आरोपी
विशेष टीम ने खटनई शिव मंदिर और प्रतापपुर हटिया के आसपास सघन अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खटनई निवासी 19 वर्षीय सत्यजीत पासवान, 22 वर्षीय गौरव कुमार और 40 वर्षीय बालमुकुंद साह के रूप में हुई है।
तलाशी में बरामद हुई ब्राउन शुगर
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 20 पुड़िया में पैक कुल 2.78 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अलावा एक सिगरेट का पैकेट और एक माचिस की डिब्बी भी जब्त की गई है।
बरामद सामग्री को जब्त कर पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उनके पास नशीला पदार्थ कहां से पहुंचा और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर नशीले पदार्थों के नेटवर्क को पनपने नहीं दिया जाएगा।
