चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए कुल 25,390 आवेदन प्राप्त हुए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी है कि 8 जुलाई को पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी।

नामांकन प्रक्रिया को लेकर विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक्स डॉ. संजय यादव ने सभी संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। बैठक में नामांकन प्रक्रिया की तैयारियों और समयबद्ध क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।

पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के निर्देश

बैठक में कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने अधिकारियों और प्राचार्यों को निर्देश दिया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निर्धारित समयसीमा के अनुसार संपन्न कराई जाए।

उन्होंने कहा कि जिन छात्रों का भुगतान अभी लंबित है, वे 7 जुलाई तक विश्वविद्यालय या चांसलर पोर्टल के माध्यम से अपनी समस्या का समाधान करा लें, ताकि मेरिट सूची जारी होने के बाद उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सेमेस्टर-7 और एग्जिट विकल्प पर भी दिए निर्देश

समीक्षा बैठक में सेमेस्टर-7 में नामांकन और एग्जिट विकल्प से संबंधित दिशा-निर्देशों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी कॉलेजों को इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और छात्रों को समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।

विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे नामांकन से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी करें और नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version