महुआडांड़: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत लातेहार जिले के महुआडांड़ प्रखंड में सरकारी विद्यालयों के कक्षा 8 के 241 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना तथा ड्रॉपआउट दर को कम करना है।
नौ विद्यालयों के विद्यार्थियों को मिला लाभ
प्रखंड शिक्षा विभाग द्वारा तैयार सूची के अनुसार नौ विद्यालयों के विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित की गईं। इनमें राजकीयकृत मध्य विद्यालय चुटिया के 13, यूएमएस बंदुवा टोली महुआडांड़ के 4, संत तेरेसा हाई स्कूल महुआडांड़ की 174 छात्राओं, यूएमएस बेलवार के 2, मध्य विद्यालय असनारी के 7, प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय महुआडांड़ के 17, बीएमसी मकतब महुआडांड़ के 6, यूएमएस राजडंडा के 10 तथा मध्य विद्यालय रामपुर के 8 विद्यार्थियों को साइकिलें प्रदान की गईं।
जनप्रतिनिधियों ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महुआडांड़ की मुखिया प्रमिला मिंज और अंबवाटोली की मुखिया रोशनी कुजूर थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कल्याण पदाधिकारी पुष्पेंद्र कुशवाहा ने की। इस अवसर पर बीआरसी के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह योजना विशेष रूप से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साइकिल मिलने से दूर-दराज के गांवों के विद्यार्थी भी समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगे और उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी।
विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी
साइकिल मिलने के बाद छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। अभिभावकों ने सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना बच्चों की शिक्षा को आगे बढ़ाने में काफी मददगार साबित होगी।
