जमशेदपुर: शहर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित कृष्ण नगर में 23 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।

परिजनों को शुक्रवार शाम मिली जानकारी

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम परिजनों को युवक के फंदे से लटके होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

गुजरात में करता था नौकरी

मृतक की पहचान पीयूष कुमार (23) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह परिवार का इकलौता बेटा था। पीयूष पहले गुजरात की एक कंपनी में नौकरी करता था, लेकिन कुछ महीने पहले जमशेदपुर लौट आया था। इसके बाद वह अपने माता-पिता और बहन के साथ कृष्ण नगर स्थित घर में रह रहा था।

पुलिस कर रही मामले की जांच

परिजनों का कहना है कि पीयूष लंबे समय से नई नौकरी की तलाश कर रहा था और रोजगार नहीं मिलने के कारण मानसिक तनाव में था। हालांकि, पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

मानगो थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version