जमशेदपुर: शहर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित विजय गार्डेन गेट नंबर-2 में शनिवार सुबह एक 19 वर्षीय युवक का शव उसके घर में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
सुबह परिजनों ने देखा शव
परिजनों के अनुसार, युवक ने शुक्रवार देर रात घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो उन्होंने उसे फंदे से लटका हुआ पाया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।
एनटीटीएफ में कर रहा था पढ़ाई
मृतक की पहचान रोहित गोप (19) के रूप में हुई है। वह गोलमुरी स्थित एनटीटीएफ में पढ़ाई कर रहा था। परिजनों ने बताया कि उसकी जल्द ही नौकरी लगने की संभावना थी। रोहित परिवार का इकलौता बेटा था।
आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
