बोकारो: बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र स्थित गवाई पुल पर गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। करीब 10 बजे एक 16 चक्का गैस टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें आग लग गई और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग और धुएं का असर आसपास के गांवों तक देखा गया, जिसके बाद लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि टैंकर में बड़ा विस्फोट हो जाता तो गवाई पुल और आसपास के इलाके में भारी नुकसान हो सकता था।
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन एनएच-32 को दोनों ओर से बंद कर दिया गया, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने गवाई पुल से करीब आधा किलोमीटर पहले ही वाहनों और लोगों की आवाजाही रोक दी। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी संभावित हादसे से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है।
गैस रिसाव से टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, टैंकर पलटने के बाद उसमें से गैस का रिसाव शुरू हो गया था। गैस निकलने से टैंकर के अंदर का दबाव कम हो गया, जिससे बड़े विस्फोट की आशंका काफी हद तक टल गई।
दमकल विभाग की टीम लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई है। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
फिलहाल राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि आग पूरी तरह बुझने तक प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
