रांची : झारखंड की राजधानी रांची में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली विदेशी शराब की बड़ी खेप बाजार में पहुंचने से पहले ही पकड़ ली। विभाग ने नगड़ी, रातू और धुर्वा थाना क्षेत्र में एक साथ छापेमारी कर करीब 1000 पेटी अवैध शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।

उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि रांची में बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब की सप्लाई की तैयारी चल रही है। सूचना के आधार पर विभाग ने विशेष टीम गठित कर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की।

छापेमारी में भारी मात्रा में शराब जब्त

रेड के दौरान टीम ने करीब 1000 पेटी नकली शराब बरामद की। अधिकारियों के अनुसार जब्त शराब में लगभग 850 लीटर शराब भरी हुई थी।

छापेमारी के दौरान विभाग ने राहुल नायक नामक तस्कर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में कई अन्य शराब कारोबारियों के नाम भी सामने आए हैं, जो नकली शराब बनाने और उसकी सप्लाई के नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं।

दूसरे जिलों में भेजने की थी तैयारी

सहायक उत्पाद आयुक्त उमा शंकर सिंह ने बताया कि नकली शराब की खेप को रांची से दूसरे जिलों में भेजने की तैयारी थी। समय रहते सूचना मिलने के कारण विभाग ने पूरी खेप जब्त कर ली।

कार्रवाई के दौरान शराब ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही एक कार और दो पिकअप वैन भी जब्त की गई हैं।

नामी ब्रांड के नकली रैपर और स्टिकर मिले

उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद शराब में कई बड़े ब्रांड के नाम पर नकली बोतलें तैयार की गई थीं। शराब को क्वार्टर, हाफ और फुल बोतलों में पैक किया गया था।

बोतलों पर असली जैसे रैपर और स्टिकर लगाए गए थे, ताकि बाजार में आसानी से बेचा जा सके और लोगों को शक न हो।

पूरे नेटवर्क की जांच तेज

विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। गिरफ्तार तस्कर से मिली जानकारी के आधार पर अब पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

अधिकारियों ने कहा कि नकली शराब का कारोबार सिर्फ अवैध गतिविधि नहीं, बल्कि लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा है। ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version