गढ़वा: गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय यूट्यूबर विधायक प्रजापति ने अपने घर स्थित स्टूडियो में खुद आग लगा दी। इस घटना में पूरे परिवार की जान बाल-बाल बच गई, लेकिन घर और स्टूडियो को भारी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आगजनी से करीब 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। पड़ोसी और गोंडा के पूर्व मुखिया प्रकाश कुमार अरुण ने बताया कि प्रजापति का स्टूडियो घर के पास ही था, जहां वह फिल्म एडिटिंग और वीडियो निर्माण का कार्य करता था। पिछले एक सप्ताह से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
बुधवार रात करीब 10 बजे उसने स्टूडियो का दरवाजा बंद कर अंदर से आग लगा दी। आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के सदस्य मदद के लिए चिल्लाने लगे। सूचना मिलते ही मेराल थाना प्रभारी विष्णु कांत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने बगल की दीवार तोड़कर घर में प्रवेश किया और पानी डालकर आग पर काबू पाया। इस दौरान परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर आग को पूरी तरह बुझाया।
हालांकि आग की वजह से घर का बड़ा हिस्सा और पूरा स्टूडियो जलकर खाक हो गया। घटना के बाद विधायक प्रजापति घर के पीछे से दीवार फांदकर फरार हो गया। बाद में परिजनों ने उसे मानसिक उपचार के लिए रांची ले जाने की जानकारी दी।
इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया और यूट्यूबर बनने के दबाव के कारण कई युवा मानसिक तनाव का शिकार हो रहे हैं, जो कभी-कभी खतरनाक रूप ले लेता है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगजनी के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

